बेलटिकरी अधूरी नाली बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत फंसी कार पंचायत सचिव पर अभद्र व्यवहार का आरोप।


प्रमोद कुमार बंजारे संभाग ब्यूरो चीफ 

दीपका ( सुघर गांव )। जिले के विकासखंड कटघोरा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बेलटिकरी में पिछले छह महीनों से अधूरी पड़ी नाली निर्माण ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। निर्माण कार्य को बीच में ही छोड़ दिए जाने के कारण न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि स्वच्छता और स्वास्थ्य पर भी गंभीर संकट मंडरा रहा है।

कीचड़ और जाम नाली में फंस रहे वाहन

अधूरी नाली के कारण सड़कें संकरी और खतरनाक हो गई हैं। स्थिति इतनी बदतर है कि आए दिन राहगीरों के वाहन यहां फंस रहे हैं। हाल ही में एक कार नाली के गड्ढे में फंस गई, जिसे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पास ही स्थित विद्यालय के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को भी रोज इसी नारकीय स्थिति से गुजरना पड़ रहा है। 

पंचायत सचिव पर बदसलूकी का आरोप, सीईओ मौन

ग्रामीणों का आरोप है कि जब इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत सचिव से बात की जाती है, तो वे समाधान के बजाय अभद्र व्यवहार करते हैं। इस मामले में उपसरपंच, पंचों और ग्रामीणों ने जनपद पंचायत सीईओ से लिखित और मौखिक शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
बीमारियों का खतरा और प्रशासनिक उदासीनता

नाली जाम होने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने भी इस संबंध में जनपद सीईओ से चर्चा की है, किंतु प्रशासन की ओर से अब तक केवल खोखले आश्वासन ही मिले हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाली निर्माण पूर्ण नहीं कराया गया और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।

Post a Comment

0 Comments