प्रमोद कुमार बंजारे संभाग ब्यूरो चीफ
कोरबा (सुघर गांव )। जिले के एच टी पी पी प्लांट से सटे ग्राम झाबु ग्राम पंचायत नवागांव में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ राखड़ डेम (Ash Dyke) का तटबंध अचानक टूटने से भारी मात्रा में राख का सैलाब बह निकला। इस हादसे की चपेट में आने से वहाँ काम कर रहे एक जेसीबी ऑपरेटर की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है।
कैसे हुआ हादसा :-
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार दोपहर डेम के एक हिस्से में अचानक दबाव बढ़ा और तटबंध टूट गया। पलक झपकते ही राख का भारी मलबा नीचे आ गिरा। जेसीबी मशीन चला रहा ऑपरेटर इसकी चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन मलबे का दबाव और बहाव इतना तेज था कि उसे निकाला नहीं जा सका और उसकी जान चली गई।
भाजपा नेता ने घेरा प्रबंधन को :-
इस घटना पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी (झुग्गी झोपड़ी) राजेश यादव ने कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने सीधे तौर पर एच टी पी पी प्रबंधन को इस मौत का जिम्मेदार ठहराया है। यादव ने कहा, "राखड़ डेम का बार-बार फटना प्रबंधन की घोर लापरवाही का सबूत है। पूर्व में भी पाइप फटने से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन प्रबंधन ने इससे कोई सबक नहीं लिया।"
राजेश यादव ने प्रशासन और प्रबंधन से निम्नलिखित मांगें की हैं
मृतक मजदूर की शिनाख्त कर परिजनों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए।
परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी प्रदान की जाए।
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि औद्योगिक केंद्रों में मजदूरों की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी गई और सुरक्षा मानकों में सुधार नहीं हुआ, तो भविष्य में और भी भयावह परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।
0 Comments