भागवत कथा के दिव्य ज्ञान से भक्तिमय हुआ बम्हीनकोना,मोक्ष मार्ग का मिल रहा संदेश

भागवत कथा के दिव्य ज्ञान से भक्तिमय हुआ बम्हीनकोना,मोक्ष मार्ग का मिल रहा संदेश 
 पूज्या दीदी हेमलता शर्मा के श्रीमुख से बह रही भक्ति और आत्मज्ञान की गंगा 
    विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो 
कोरबा (सुघर गांव)। 08 फरवरी 2026,जिले अंतर्गत पाली विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बम्हीनकोना में धरम सिंह यादव परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ श्रद्धा और आस्था का केंद्र बना हुआ है। 02 फरवरी से प्रारंभ हुई यह पावन कथा 10 फरवरी को हवन,गीता पाठ,तुलसी वर्षा एवं ब्राह्मण भोजन के साथ सम्पन्न होगी। कथा स्थल पर प्रतिदिन अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंच कर भक्ति रस का आनंद ले रहे हैं।
       *भक्तों को दिया जा रहा आध्यात्मिक संदेश* 
पूज्या दीदी हेमलता शर्मा ने कथा के दौरान कहा कि श्रीमद भागवत मानव जीवन को मृत्यु के भय से मुक्त कर मोक्ष की ओर ले जाने वाला दिव्य ग्रंथ है। उन्होंने बताया कि सच्चे मन से भगवान की शरण में आने वाला व्यक्ति जन्म-मरण के चक्र से मुक्त होकर आत्मिक शांति प्राप्त करता है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को अहंकार त्याग, सेवा भाव, प्रेम और सत्कर्म अपनाने की प्रेरणा दी जा रही है।
 *कथा में बताए जा रहे प्रमुख प्रसंग और उनकी विशेषताएं*  वामन अवतार प्रसंग – दान, विनम्रता और धर्म की रक्षा का महत्व बताया गया। श्रीराम जन्म प्रसंग – मर्यादा, सत्य और आदर्श जीवन जीने की सीख दी गई। श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग – अधर्म पर धर्म की विजय और प्रेम भाव का संदेश दिया गया। महारास प्रसंग – भगवान और भक्त के अटूट प्रेम तथा आत्मिक भक्ति की महिमा बताई गई।
           *भक्तों में दिख रहा उत्साह* 
कथा के दौरान प्रस्तुत आकर्षक झांकियों और भक्ति संगीत से श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक जागरूकता के साथ सामाजिक एकता और आध्यात्मिक वातावरण का संचार हो रहा है।आयोजक यादव परिवार ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर भागवत कथा के अमृत ज्ञान का लाभ लेने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments