बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधार को लेकर जिला पंचायत में मंथन, शिक्षा गुणवत्ता मजबूत करने की बनी रणनीति

बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधार को लेकर जिला पंचायत में मंथन, शिक्षा गुणवत्ता मजबूत करने की बनी रणनीति 
   सीईओ दिनेश नाग ने प्राचार्यों व शिक्षकों को दिए प्रभावी निर्देश,कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष फोकस 
     विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो 
कोरबा (सुघर गांव)। 07 फरवरी 2026, 
जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभा कक्ष में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित प्री-बोर्ड परीक्षा परिणामों की गहन समीक्षा हेतु प्राचार्यों एवं विषय व्याख्याताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में सुधार लाने तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत करने तथा बेहतर परीक्षा परिणाम प्राप्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश एवं सुझाव दिए गए। बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश व चर्चा के बिंदु 
 सीईओ दिनेश नाग ने कहा कि प्री-बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा की तैयारी का आधार होती है। उन्होंने प्राचार्यों को विषयवार परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर कमजोर विद्यार्थियों की पहचान करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त एवं विशेष कक्षाओं का संचालन किया जाएगा,जिससे विद्यार्थियों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन और अतिरिक्त अभ्यास का अवसर मिल सके। शिक्षा अधिकारियों ने सुझाव दिया कि विद्यार्थियों की तैयारी मजबूत करने के लिए नियमित टेस्ट,मॉडल प्रश्नपत्र एवं अभ्यास कार्य कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़े और परीक्षा परिणाम बेहतर हो सके।
 *सीईओ दिनेश नाग ने जोर देकर कहा* कि शिक्षकों को विद्यार्थियों की शंकाओं का समय पर समाधान करना चाहिए तथा विद्यालयों में अनुशासित और सकारात्मक अध्ययन वातावरण तैयार करना आवश्यक है। बैठक में उपस्थित प्राचार्यों व विषय व्याख्याताओं ने सुझाव दिया कि शिक्षण कार्य में नवीन तकनीक, स्मार्ट क्लास एवं नवाचार पद्धतियों का उपयोग कर पढ़ाई को रोचक और प्रभावी बनाया जाए।
 जिला प्रशासन द्वारा निर्देश दिए गए कि सभी विद्यालयों में पढ़ाई और परीक्षा तैयारी की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दिया जाए। बैठक में उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने परीक्षा परिणाम सुधार हेतु प्रभावी रणनीति बनाने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा गुणवत्ता में निरंतर सुधार के प्रयासों को सभी ने सराहा।

Post a Comment

0 Comments