बेमेतरा (सुघर गांव)। 01 अक्टूबर 2025,
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर टाउन हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गरिमामय आयोजन में जिले के वरिष्ठ नागरिकों, वृद्धजनों एवं दिव्यांग जनों को शाल - श्रीफल एवं स्मृतिचिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को दीपेश साहू विधायक बेमेतरा ने संबोधित करते हुए कहा कि जीवन को सफल बनाने में वृद्धजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों एवं वृद्धजनों के अनुभव को अनुसरण कर हम जीवन को दिशा और सफलता की राह दे सकते हैं। आज के परिवेश और बदलते समाज में वृद्धजनों को सम्मान देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के पास अपार अनुभव होता है, वे जीवन को दिशा और राह दिखाने का कार्य करते हैं। उनके अनुभव से हम जीवन को एक नई गति प्रदान कर सकते हैं। विधायक श्री साहू ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वृद्धजनों के जीवन को संवारने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं से वरिष्ठ नागरिकों एवं वृद्धजनों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से वृद्धजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है और उन्हें सम्मान पूर्वक जीवन जीने का अवसर मिलता है। उन्होंने दिव्यांग जनों को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांग जन भी हम सभी की तरह सभी क्षेत्रों में निपुण होते हैं। यदि उन्हें उचित अवसर दिया जाए तो वे स्वयं को सिद्ध कर हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे सकते हैं। विधायक ने सभी से आह्वान किया कि वृद्धजनों और दिव्यांग जनों को सदैव सम्मान दें। इस अवसर पर श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी अध्यक्ष जिला पंचायत बेमेतरा ने कहा कि वृद्धजन हमारे परिवार और समाज के आन, बान और शान होते हैं। परिवार में उनकी भूमिका वटवृक्ष की तरह होती है। उन्होंने कहा कि आज का यह दिन वृद्धजनों के लिए आशा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि पूरे मनोयोग से वृद्धजनों एवं दिव्यांग जनों का सम्मान करें। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं दिव्यांग जन सम्मान समारोह को कलेक्टर रणवीर शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि वृद्धजन अनुभवशील और साहसी होते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के आशीर्वाद से ही हम सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचे हैं और हमारी उपलब्धियों में पीढ़ियों का संघर्ष निहित है। कलेक्टर ने चिंता व्यक्त की कि संयुक्त परिवारों का विघटन होने से समाज में एकाकीपन बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार में वरिष्ठ मुखिया के होने से संबल मिलता है और जीवन को सफलता की राह तक ले जाने में वृद्धजनों का आशीर्वाद सबसे महत्वपूर्ण है।
रमाकांत साहू पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृद्धजनों के सम्मान के बिना सभ्य समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे जीवन की पहली पाठशाला हैं, जिन्होंने हमें जीवन की सीख दी है। उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि कभी भी वृद्धजनों की उपेक्षा न करें और परिवार में सदैव उनका सम्मान करें।
इस अवसर पर अवधेश चंदेल पूर्व विधायक,वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू, राजेंद्र शर्मा, योगेश तिवारी, अपर कलेक्टर अनिल बाजपेई,श्रीमती प्रेमलता पदमाकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अधिक संख्या में जिले के वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांग जन उपस्थित रहें।
0 Comments