बोइदा में इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में दिनदहाड़े महिला से लूटपाट, गले से लॉकेट छीन फरार हुए युवक — CCTV में कैद हुई वारदात ।


विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ

 कोरबा (सुघर गांव न्यूज) । जिले के ग्राम पंचायत बोइदा में उस समय हड़कंप मच गया जब एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। ओम इलेक्ट्रिकल्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक व्यास पटेल की पत्नी जयकुवर पटेल सोमवार दोपहर दुकान में अकेली थीं, तभी दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और सुनियोजित तरीके से गले से लॉकेट छीनकर फरार हो गए।
बिना नंबर की बाइक में आए लुटेरे, दुकान से दूर रखी चालू हालत में बाइक घटना की जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक पुरानी स्प्लेंडर बाइक में सवार होकर आए थे, जिस पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। बाइक को दुकान से करीब 30 मीटर की दूरी पर चालू हालत में खड़ा किया गया था। यह इस बात का संकेत है कि आरोपी पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम देने आए थे और मौके से तत्काल फरार होने की तैयारी पहले से थी।
लाइट खरीदने का बहाना बना, महिला का ध्यान भटकाकर की लूट शाम करीब 3:10 बजे एक युवक दुकान के अंदर आया और लाइट खरीदने की बात कहकर महिला से उसे जलाकर चेक करने को कहा। महिला जब लाइट चेक करने लगी, तभी युवक ने अचानक झपट्टा मारते हुए जयकुवर पटेल के गले से सोने का लॉकेट खींच लिया और बाहर भाग गया, जहां उसका साथी बाइक पर पहले से तैयार बैठा था। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर कुछ ही पलों में तेजी से फरार हो गए। सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद
इस पूरी वारदात की तस्वीरें दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई हैं। फुटेज में साफ़ दिख रहा है कि युवक किस तरह से बड़ी सहजता से ग्राहक बनकर दाखिल होता है और कुछ ही सेकंड में वारदात को अंजाम देकर भाग जाता है। फुटेज में लुटेरे का चेहरा और हुलिया स्पष्ट देखा जा सकता है, जिससे उनकी पहचान करने में मदद मिल सकती है। व्यापारियों में आक्रोश और डर का माहौल इस दिनदहाड़े लूट की घटना से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में दहशत का माहौल है। लोग सवाल कर रहे हैं कि अगर दिन के उजाले में इस तरह की वारदातें इतनी सहजता से हो सकती हैं, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
जिम्मेदार कौन ?

बिना नंबर प्लेट की बाइक में घूमते संदिग्धों पर पहले किसी की नज़र क्यों नहीं पड़ी?
क्या पुलिस की गश्त व्यवस्था इतनी ढीली हो गई है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं?
और सबसे अहम — CCTV फुटेज के आधार पर कब तक आरोपियों की गिरफ्तारी होगी?
पुलिस की कार्रवाई कितनी तेज और प्रभावशाली होती है, यह आने वाले कुछ दिनों में स्पष्ट होगा। फिलहाल यह घटना क्षेत्रवासियों के लिए एक गंभीर चेतावनी है और प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती।

Post a Comment

0 Comments