दिनदहाड़े महिला से लूट उतरदा यात्री प्रतीक्षालय में बाइक सवार लुटेरों ने गले से लॉकेट छीना


विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ 

 कोरबा (सुघर गांव) । जिले के ग्राम पंचायत उतरदा में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। लोटनपारा निवासी शतरूपा मरावी, पत्नी अमृतलाल मरावी के साथ मंगलवार को उस समय लूटपाट हुई जब वह उतरदा स्कूल में आयोजित पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होकर लौट रही थीं। शतरूपा मरावी अपनी बेटी के साथ स्कूल से लौटने के बाद यात्री प्रतीक्षालय में बस का इंतजार कर रही थीं, तभी करीब शाम 4 से 4:30 बजे के बीच दो अज्ञात युवक बिना नंबर प्लेट की पुरानी स्प्लेंडर बाइक में वहां पहुंचे। एक युवक बाइक स्टार्ट कर करीब 20 मीटर दूरी पर खड़ा रहा, जबकि दूसरा युवक महिला के पास आकर बस की टाइमिंग पूछने का बहाना करने लगा। बातचीत के दौरान युवक ने अचानक महिला के गले से सोने का लॉकेट झपट लिया और दौड़ते हुए अपने साथी की बाइक में सवार होकर मौके से फरार हो गया। महिला ने जोर-जोर से चिल्लाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक लुटेरे तेज रफ्तार में भाग निकले। इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने लोगों में आतंक और आक्रोश दोनों ही पैदा कर दिया है।

जिम्मेदारों से सवाल  

सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त क्यों नदारद है? सीसीटीवी कैमरे न होने से अपराधियों की पहचान कैसे होगी? लगातार सामने आ रही लूटपाट की घटनाओं को रोकने प्रशासन के पास क्या ठोस योजना है?
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

Post a Comment

0 Comments