स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
जांजगीर - चांपा (सुघर गांव)। 01 जून 2025,
फिट इंडिया अभियान,पर्यावरण संरक्षण और सैनिकों को सम्मान देने विश्व सायकल दिवस के अवसर पर प्रातः 7 बजे तिरंगा सायकल रैली का आयोजन किया गया।
यह रैली खेलो इंडिया सेंटर शासकीय ठाकुर छेदीलाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय जांजगीर से प्रारंभ हो कर कचहरी चौक होते हुए खेलो इंडिया सेंटर शासकीय ठाकुर छेदीलाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में समाप्त हुई।
रैली को नगर पालिका जांजगीर - नैला की अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। रैली में पूर्व विधायक अम्बेश जांगड़े,मोहन यादव, हितेश यादव,अमर सुल्तानिया,प्रवीण द्विवेदी,प्रदीप जोशी,खेल संघ के पदाधिकारी गण,जन प्रतिनिधि गण, अधिकारी - कर्मचारी अधिक संख्या में छात्र - छात्राएं एवं आम नागरिक उत्साह पूर्वक शामिल हुए।
पूर्व विधायक अम्बेश जांगड़े ने अपने संबोधन में कहा स्वस्थ शरीर के लिए योग,सैर और सायकलिंग जैसी गतिविधियाँ आवश्यक हैं। सायकल चलाने से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि बीपी, हाइपरटेंशन,मानसिक तनाव जैसी समस्याओं से भी बचाव होता है। नगर पालिका अध्यक्ष सहित अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नागरिकों से नियमित रूप से सायकलिंग जैसे व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
इस अवसर पर गोपेश्वर कहरा ने सभी उपस्थितों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई,
जबकि एस.एस. बघेल ने सभी सहभागीगणों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता दीपक यादव ने किया। उल्लेखनीय है कि सायकल चलाना न केवल एक उत्तम व्यायाम है,बल्कि यह हृदय, फेफड़ों एवं मांसपेशियों को सशक्त बनाता है। इसके माध्यम से मोटापा,मधुमेह,उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही यह एक पर्यावरण अनुकूल साधन है।
0 Comments