उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विप्र समाज के नव-निर्वाचित जन प्रतिनिधियों का किया सम्मान

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विप्र समाज के नव-निर्वाचित जन प्रतिनिधियों का किया सम्मान
विप्र समाज ने देश,धर्म और समाज के निर्माण में निभाई अग्रणी भूमिका : अरुण साव
     मुंगेली (सुघर गांव)। 28 अप्रैल 2025,
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को मुंगेली के सरदार वल्लभ भाई पटेल सामुदायिक भवन में विप्र समाज के नव-निर्वाचित जन प्रतिनिधियों का सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने विप्र समाज की समाज,धर्म और राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि विप्र समाज ने सनातन संस्कृति का ध्वज सदैव ऊंचा रखा है। श्री साव ने कहा,"आज दुनिया में एक बार फिर सनातन का डंका बज रहा है, लेकिन इसके खिलाफ षड्यंत्र भी हो रहे हैं। धर्मांतरण जैसी घटनाओं के बढ़ते प्रकोप के बीच विप्र समाज की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है।" उन्होंने जन प्रतिनिधियों से निष्ठा और सेवा भाव से कार्य करने का आह्वान भी किया। उप मुख्यमंत्री ने मुंगेली की मिट्टी को प्रतिभा सम्पन्न बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र ने देश को कई बड़े राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी दिए हैं। हाल ही में एक स्थानीय युवक के संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में चयन पर भी उन्होंने बधाई दी। इस दौरान साव ने विप्र भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा विधायक पुन्नूलाल मोहले ने 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। समारोह में विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव सभी समाजों का पथ प्रदर्शक रहा है और सर्व समाज के कल्याण की कामना करता रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला और अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।
       *सम्मानित जन प्रतिनिधियों में शामिल रहे*
श्रीमती विजय लक्ष्मी शुक्ला, विश्वास दुबे,श्रीमती सीमा मनीष त्रिपाठी,धनंजय दुबे, विकास उपाध्याय,श्रीमती शशि प्रभात शर्मा,अमन तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुनील पाठक ने किया तथा आभार प्रदर्शन स्वतंत्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विप्र समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक गण अधिक संख्या में उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments