त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन : महिला अध्यक्ष पद के आरक्षण हेतु लॉटरी प्रक्रिया 28 दिसंबर को।

     कोरिया (सुघर गांव) 24 दिसंबर 2024  त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2024-25 के अंतर्गत जनपद पंचायत और जिला पंचायतों के महिला अध्यक्ष पदों के आरक्षण की प्रक्रिया आगामी 28 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। 
             यह प्रक्रिया कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिला पंचायत सभा कक्ष, बैकुंठपुर में आयोजित होगी।
जिला पंचायत सभाकक्ष में सुबह 11 बजे से जिला पंचायत सदस्यों के आरक्षण और दोपहर 12 बजे से जनपद पंचायत महिला अध्यक्ष पदों के आरक्षण की कार्यवाही संपन्न होगी।
           इस कार्यवाही के लिए श्रीमती अंकिता सोम (अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी) को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
ग्राम पंचायतों के लिए महिला सरपंच पदों का आरक्षण और वार्डों का वर्गीकरण अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर एवं सोनहत के नेतृत्व में किया जाएगा।
           यह कार्य भी 28 दिसंबर को संबंधित जनपद पंचायतों के सभा कक्ष में सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
आरक्षण प्रक्रिया के दौरान अनुसूचित जाति,जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए आरक्षित पदों का निर्धारण पारदर्शी लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा। इस कार्यवाही की वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आरक्षण प्रक्रिया में कोई त्रुटि न हो और इसे पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न किया जाए। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक रूप से लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments