मुंगेली । जिले के सरगांव थाना क्षेत्र के चिरौटी गांव में हुई हत्या के मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की शुरुआत तब हुई जब सूचक पिंटू पात्रे, जो पेशे से ड्राइवर हैं, 14 अगस्त 2024 की शाम को बिलासपुर से अपने गांव चिरौटी लौट रहे थे। धरदेई चौक पर उनकी मुलाकात मृतक दौलत पात्रे से हुई, और दोनों वहां बारिश के कारण रुक गए। चौक पर ही एक पान ठेले के पास बैठे थे जब दौलत ने पास के ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाने वाले मनोज से शराब के लिए 500 रुपये मांगे। प्रीतम नामक युवक, जो कि मृतक के साथ कुछ पुरानी दुश्मनी रखता था, ने दौलत को पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रीतम ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया, जिनमें निक्कु उर्फ सूर्यकांत बरगाह, लिखेश बरगाह और प्रवीण बरगाह शामिल थे। चारों ने मिलकर लाठी, डंडा, और कुदाली से दौलत पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गिरिजा शंकर जायसवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई। आरोपियों को पकड़ने के लिए 6 टीमें बनाई गईं, जिन्होंने 24 घंटे के भीतर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक दौलत पात्रे के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज थे। इसी तरह, प्रमुख आरोपी निक्कु उर्फ सूर्यकांत बरगाह के खिलाफ भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रघवीर लाल चन्द्रा और उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मामले की जांच अभी जारी है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments