महतारी वंदन योजना केवाईसी शिविर में उमड़ी महिलाओं की भीड़, पात्र हितग्राहियों को मिल रहा सीधा लाभ ग्राम पंचायत मुढ़ाली में अटल डिजिटल पंचायत के तहत निःशुल्क केवाईसी, 30 जून तक अनिवार्य प्रक्रिया



विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ 

कोरबा (सुघर गांव)
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत ग्राम पंचायत मुढ़ाली में निःशुल्क केवाईसी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अटल डिजिटल पंचायत के अंतर्गत संचालित सीएससी केंद्र में सुबह से ही महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। पात्र हितग्राही महिलाएं उत्साहपूर्वक शिविर में पहुंचकर अपनी केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण करा रही हैं। शिविर के दौरान अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जहां महिलाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से सहयोग करते हुए अपनी बारी का इंतजार किया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच एवं उपसरपंच सहित जनप्रतिनिधियों का सराहनीय सहयोग देखने को मिला। हितग्राहियों की सुविधा के लिए नाश्ता एवं पेयजल की भी समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ज्ञात हो कि राज्य सरकार द्वारा इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है। पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से केवाईसी प्रक्रिया अनिवार्य की गई है, ताकि मृत या अपात्र हितग्राहियों के खातों में जाने वाली राशि को रोका जा सके।
 30 जून 2026 तक केवाईसी अनिवार्य सरकार द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सभी हितग्राही महिलाओं को 30 जून 2026 तक अपना केवाईसी पूर्ण कराना आवश्यक है। निर्धारित समय के बाद भी जो महिलाएं छूट जाएंगी, उनके लिए परियोजना अधिकारी स्तर पर विशेष पहल की जाएगी।
 नाम और आधार मिलान बना चुनौती कई मामलों में महिलाओं के आधार कार्ड और योजना में दर्ज नामों में अंतर होने के कारण आवेदन रिजेक्ट हो रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए सरकार द्वारा सुधार की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है, ताकि पात्र महिलाओं को लाभ से वंचित न होना पड़े।
 सीएससी संचालकों की अहम भूमिका इस पूरी प्रक्रिया में सीएससी संचालक निःशुल्क केवाईसी कर रहे हैं, जो सराहनीय पहल है। हालांकि, योजना से मिलने वाले कमीशन और उनके दैनिक न्यूनतम मेहनताना को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या इससे उनका पारिवारिक भरण-पोषण सुचारू रूप से हो पा रहा है।
 महिलाओं में जागरूकता और विश्वास बढ़ा शिविर के माध्यम से महिलाओं में योजना के प्रति जागरूकता और विश्वास दोनों में वृद्धि हुई है। बड़ी संख्या में महिलाएं स्वयं आगे आकर केवाईसी करा रही हैं, जो सरकार की योजना की सफलता को दर्शाता है।

Post a Comment

0 Comments