विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 01 अक्टूबर 2025,
जिले अंतर्गत पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत हरदीबाजार में बुधवार दोपहर 2:15 से 3:00 बजे के बीच कोयला खदान में लगातार छह बार की गई हैवी ब्लास्टिंग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अचानक हुए तीव्र कंपन से धरती कांप उठी और बारूद व कोल डस्ट का काला बादल पूरे कस्बे पर छा गया। दमघोंटू बारूद की दुर्गंध से ग्रामीण घबराए और कई लोग घरों से बाहर निकल आए।
ग्रामीणों का आरोप
त्योहारों के समय भी दीपका प्रबंधन जनभावनाओं की अनदेखी कर रहा है। नवरात्रि और दशहरे जैसे शुभ अवसर पर भी भारी ब्लास्टिंग की गई।
सरपंच की चेतावनी
हरदीबाजार घनी आबादी वाला कस्बा है, जहां 40-50 साल पुराने मकान भी हैं। सरपंच लोकेश्वर कंवर ने कहा कि यदि किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी एसईसीएल दीपका प्रबंधन और जिला प्रशासन की होगी।
विधायक प्रतिनिधि का बयान
विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन ने कहा कि प्रबंधन की मनमानी अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। उन्होंने मांग रखी कि ब्लास्टिंग को न्यूनतम किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
स्वास्थ्य पर असर
लगातार ब्लास्टिंग से बारूद और धूलकण हवा में फैल रहे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में तकलीफ़ हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि इससे गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
ग्रामीणों की चेतावनी
ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि प्रबंधन ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया तो वे ज्ञापन सौंपकर खदान बंद कराने के लिए आंदोलन करेंगे।
0 Comments