गुरु खुशवंत साहेब ने रखीं समाजहित की ठोस मांगें, मुख्यमंत्री ने कई प्रस्तावों को दी स्वीकृति,
अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की बैठक में बजट बढ़ाकर 75 करोड़ किया गयारायपुर (सुघर गांव)। 09 अगस्त 2025, गुरु खुशवंत साहेब उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन ने गत दिनों 07 अगस्त को जिले जांजगीर-चांपा में आयोजित प्राधिकरण की बैठक में समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। जिनमें गिरौदपुरी धाम में रोपवे निर्माण,मेला आयोजन के दौरान मूलभूत सुविधाओं का विस्तार,जोक नदी में स्नान व्यवस्था,बाराडेरा धाम के ऐतिहासिक तालाब का संरक्षण,जोड़ा जैतखाम निर्माण में लकड़ी के उपयोग, और विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लास की व्यवस्था शामिल रही।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में गुरु साहेब की कई मांगों को तत्काल स्वीकृति मिली। मुख्यमंत्री ने गिरौदपुरी धाम विकास के लिए 2.00 करोड़, अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के कोचिंग हेतु 50 लाख, हर वर्ष 5 युवाओं को पायलट प्रशिक्षण के लिए 15—15 लाख रुपए आर्थिक सहायता, और जैतखाम निर्माण में लकड़ी उपयोग की स्वीकृति की घोषणा की। गुरु खुशवंत साहेब ने इस अवसर पर कहा – कि मुख्यमंत्री श्री साय का दृष्टिकोण समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंचने वाला है। उनकी मंशा साफ है सम्मान, समानता और सशक्तिकरण मेरी प्राथमिकता समाज के ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण,युवाओं को अवसर और विद्यार्थियों को नई दिशा देना है। उन्होंने गिरौदपुरी धाम को छत्तीसगढ़ का आध्यात्मिक ध्रुव बताया और वहाँ रोपवे सहित सुविधाओं के विस्तार को अत्यावश्यक बताया। बाराडेरा धाम के प्राचीन तालाब के सौंदर्यीकरण और संरक्षण की मांग को भी प्रमुखता से रखा। बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय ने अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का बजट 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ करने की घोषणा करते हुए कहा कि स्वीकृत कार्यों को सभी कलेक्टर्स गंभीरता से लें और तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करें। उन्होंने वर्षों से लंबित कार्यों पर गहरी नाराजगी भी जताई। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव,कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा,दयालदास बघेल,लखन लाल देवांगन, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, श्रीमती कमलेश जांगड़े सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा, पुन्नूलाल मोहले विधायक मुंगेली, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा विधायक अहिवार,श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े विधायक सारंगढ़, श्रीमती कविता प्राण लहरे विधायक बिलाईगढ, श्रीमती शेषराज हरबंश विधायक पामगढ़, श्रीमती हर्षिता बघेल विधायक डोंगरगढ़,दिलीप लहरिया विधायक मस्तूरी, श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी अध्यक्ष जिला पंचायत जांजगीर चांपा सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और 17 जिलों के कलेक्टर उपस्थित रहे।
0 Comments