विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ
कोरबा (सुघर गांव) । जिले अंतर्गत कटघोरा क्षेत्र के विकास कार्यों में एक और अहम कदम उठाते हुए ग्राम पंचायत उतरदा से बुढ़गनियापारा तक 5.76 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा 6 करोड़ 33 लाख 63 हजार रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क ग्रामीणों के लिए तेज़ और सुगम आवागमन का मार्ग प्रशस्त करेगी। ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो रही है। सड़क बनने से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और ग्राम पंचायत उतरदा की सरपंच लक्ष्मी सुंदर मरावी की कार्यशैली की विशेष सराहना हुई। ग्रामीणों ने बताया कि विधायक प्रेमचंद पटेल क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं और उन्होंने इस सड़क निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृतियां व संसाधन उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं, सरपंच लक्ष्मी सुंदर मरावी के नेतृत्व में पंचायत स्तर पर विकास की कई योजनाएं मूर्त रूप ले रही हैं । स्वच्छता, जल प्रबंधन, शिक्षा, और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उनके प्रयास सराहनीय हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जयसवाल, उपसरपंच विक्की जायसवाल, जनपद सदस्य चंद्रपाल मरार, विधायक प्रतिनिधि नंदकुमार पटेल, पंच प्रेम कुमार वरकड़े, शिव सरुता, शंभू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लोक निर्माण विभाग कटघोरा के एसडीओ सतीश पांडेय, इंजीनियर व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ यह समारोह ग्रामीण विकास की दिशा में नई उम्मीद लेकर आया है।
0 Comments