प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना है: श्री साय
छत्तीसगढ़ के लोगों ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण समर्थन देते हुए देश - प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाई है। अब प्रदेश में ट्रिपल इंजन सरकार बनाना है, रायपुर सहित प्रत्येक नगर निगम,नगर पालिका और नगर पंचायत में कमल खिलाना है। इसके लिए आप सभी कार्यकर्ता एक-एक घर जाएं,मतदाताओं से सम्पर्क करें और हमारी सरकार की उपलब्धि बताते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान का आग्रह करें। उक्त बातें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं से कही। अपने नगरीय निकाय चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से रायपुर शहर के चहुंमुखी और निर्बाध विकास के लिए नगर निगम रायपुर की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे और सभी 70 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया। श्री साय ने कहा कि इस नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को शुभ संकेत मिल रहा है,क्योंकि बसना नगर पंचायत में भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी की निर्विरोध जीत के साथ नगर निगम के 02 और नगर पंचायतों के 20 पार्षद प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत हुई है। यह जीत नगरीय निकायों की जनता के भाजपा के प्रति विश्वास को दर्शाता है। नगरीय निकायों के विकास पर श्री साय ने कहा कि अभी हाल ही में उन्होंने प्रदेश के पूरे जिलों का दौरा किया है और हर जिले में दो सौ से लेकर पांच सौ-सात सौ करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया है। प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में विकास कार्यों के लिए कुल 07 - 08 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि जारी की गई है। उन्होंने बताया कि रायपुर नगर निगम क्षेत्र में लगभग एक लाख 87 हजार महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा शुरू की गई स्वामित्व कार्ड वितरण योजना का लाभ ग्रामीण लोगों को मिल रहा है। गांव के लोग वर्षों से आबादी जमीन में मकान बनाकर रह रहे थे, लेकिन उनके पास घर का मालिकाना हक नहीं था,इसको दिलाने का काम हमारी डबल इंजन की सरकार ने किया है। प्रदेश के 61 हजार लोगों को एक ही दिन में स्वामित्व कार्ड का वितरण किया गया। उन्होंने नगरीय निकाय के लोगों को भी उनके जमीन का मालिकाना हक देने हेतु आश्वस्त किया। उन्होंने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को भी सँवारने की बात कही। सम्मेलन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव,उप मुख्यमंत्री अरुण साव,पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, रायपुर पश्चिम विधायक पूर्व मंत्री राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, धरसीवां विधायक अनुज शर्मा, महापौर प्रत्याशी श्रीमती मीनल चौबे अन्य वरिष्ठ नेता गण सभी 70 वार्डों के पार्षद प्रत्याशी एवं अधिक संख्या में कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।
0 Comments