राहाडीह में गूंजा गोंडवाना गौरव, वार्षिक उत्सव में एकता और विकास का संकल्प
 विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम व सत्यनारायण पैकरा ने समाज को दिया सांस्कृतिक संरक्षण व जागरूकता का संदेश 
    विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो 
कोरबा (सुघर गांव)। 09 फरवरी 2026, जिले में गोंडवाना सर्कल केंद्र राहाडीह का में आयोजित एक दिवसीय गोंडवाना वार्षिक उत्सव सम्मेलन परंपरा,सामाजिक समरसता और जनभागीदारी की अद्भुत मिसाल बनकर उभरा। आयोजन में आसपास के ग्रामीण अंचलों से पहुंचे आदिवासी समाज के हजारों लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकजुटता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पारंपरिक तिलक, पुष्पहार और लोक रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा गया।
   विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम का संदेश
 विधायक मरकाम ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी संस्कृति,परंपरा और ऐतिहासिक विरासत में निहित है, जिसे सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, खेल और आत्मनिर्भरता को अपनाकर समाज को नई दिशा देने का आह्वान किया। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशामुक्त, संस्कारित समाज निर्माण का संकल्प लेने का संदेश दिया।
         सत्यनारायण पैकरा का संदेश
 पाली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य सत्यनारायण पैकरा ने समाज को संगठित होकर अधिकार, सम्मान और पहचान को सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी। पैकरा ने शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को प्रगति का आधार बताते हुए बुजुर्गों के अनुभव को समाज की अमूल्य धरोहर बताया।
           सम्मेलन की प्रमुख झलकियां
उत्सव में महिला, पुरुष, युवा, बच्चे और बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति और सामाजिक रीति-रिवाजों की मनमोहक प्रस्तुति ने आयोजन को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में शिक्षा विस्तार, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक विकास को लेकर सार्थक चर्चा हुई। यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और सामूहिक प्रगति का प्रेरक प्रतीक बनकर सामने आया।