प्रमोद बंजारे संभाग ब्यूरो चीफ
कोरबा (सुघर गांव) जिले के पीएम श्री स्कूल तिलकेजा में छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना, दीप प्रज्वलन और राज्य गीत “अरपा पैरी के धार…” के साथ किया गया। विद्यालय परिसर छत्तीसगढ़ी पारंपरिक सजावट से सुसज्जित था, जो राज्य की संस्कृति और लोक परंपराओं का प्रतीक बना हुआ था। छात्रों ने विविध रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं — पंथी नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, भाषण, कविता पाठ एवं राज्य की उपलब्धियों पर आधारित प्रस्तुति। इन कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और इसके विकास के सफर से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, संस्कृति, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।शिक्षकों ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ हमारी पहचान है, और इसकी समृद्ध परंपराओं को संरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को राज्य के गौरव और आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी ने मिलकर “ *जय जोहार छत्तीसगढ़!”* के नारों से वातावरण को देशभक्ति और गर्व की भावना से भर दिया।
0 Comments