“कोरबा की बेटी प्रांशी ने रचा कमाल - संस्कार और समर्पण की उड़ान”,गांव की बेटी ने मेहनत से बढ़ाया जिले का मान
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गाँव)। 21 नवंबर 2025, जिले के हरदीबाजार निवासी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उतरदा में पदस्थ डॉ.जी.आर.प्रभुवा और गायत्री देवी की सुपुत्री प्रांशी प्रभुवा ने एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे कोरबा जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनका चयन रावतपुरा मेडिकल कॉलेज,नया रायपुर में हुआ है। यह उपलब्धि न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। बचपन से ही प्रांशी के जीवन में पिता की सेवा भावना, माता के स्नेहपूर्ण संस्कार और गुरुओं का आशीर्वाद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे। कठिन मेहनत,अनुशासन और दृढ़ निश्चय के बल पर प्रांशी ने उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियाँ हासिल कीं। सेंट थॉमस दीपका से कक्षा पहली से बारहवीं तक की पढ़ाई के दौरान वह सदैव मेधावी छात्राओं में रहीं। अपनी सफलता का श्रेय प्रांशी ने अपने माता-पिता,गुरुजनों और परिवार के आशीर्वाद को देते हुए कहा - “मेरी मेहनत तभी सफल हुई क्योंकि मेरे आसपास हमेशा सकारात्मक ऊर्जा, मार्गदर्शन और भरोसा रहा।’’ नगर,परिवार और शुभचिंतकों के बीच बधाइयों का दौर जारी है और सभी ने प्रांशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्रवासियों को विश्वास है कि एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर प्रांशी अपने पिता की तरह समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देंगी।
सफलता के सुनहरे आयाम
संस्कारों की सशक्त विरासत - माता - पिता द्वारा दी गई मानवीय मूल्य,अनुशासन और सेवा भावना ने प्रांशी के व्यक्तित्व की मजबूत बुनियाद तैयार की।
गुरुजनों का अमूल्य मार्गदर्शन - स्कूल के शिक्षकों ने न सिर्फ पढ़ाई में बल्कि आत्मविश्वास,चरित्र और व्यक्तित्व निर्माण में उनकी शक्ति को बढ़ाया।
गांव की माटी से उभरती नई मिसाल
ग्रामीण परिवेश से निकलकर बड़े मुकाम तक पहुंचना प्रांशी ने साबित किया कि सपने चाहे छोटे हों या बड़े हिम्मत और मेहनत से सब संभव है।
परिवार और नगर में हर्ष की लहर
एमबीबीएस चयन की खबर से गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। हर ओर गर्व,शुभकामनाओं और प्रशंसा की गूंज है।
सेवा का दृढ़ संकल्प
डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना प्रांशी का जीवन-लक्ष्य है। अपने पिता के पद चिन्हों पर चलते हुए उन्होंने सेवा को ही अपना मार्ग चुना है।
0 Comments