राशनकार्ड सेवाएं हुईं डिजिटल, अब घर बैठे होगा आवेदन नया कार्ड, नाम जोड़ना-हटाना और संशोधन पूरी तरह ऑनलाइन


विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ 

कोरबा (सुघर गांव) राज्य सरकार ने राशनकार्ड से जुड़ी सेवाओं को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब नए राशनकार्ड के लिए आवेदन, परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने या हटाने तथा अन्य संशोधन कार्य पूरी तरह ऑनलाइन किए जा सकेंगे। यह सुविधा सेवा-सेतु पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है, जिससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। मुख्य बातें
 घर बैठे ऑनलाइन आवेदन
मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से नागरिक सीधे पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। जिनके पास इंटरनेट सुविधा नहीं है, वे लोक सेवा केंद्र या स्थानीय निकाय कार्यालयों की मदद ले सकते हैं।
 आवेदन की ऑनलाइन निगरानी
आवेदक अपने आवेदन की स्थिति हर चरण में ऑनलाइन देख सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बनेगी।
डिजिटल राशनकार्ड की सुविधा
स्वीकृति मिलने के बाद राशनकार्ड की पीडीएफ कॉपी पोर्टल पर उपलब्ध होगी। हितग्राही इसे डाउनलोड या प्रिंट कर सकेंगे।
 दो स्तरों पर होगी जांच
दस्तावेजों और पात्रता की पहले सत्यापन अधिकारी जांच करेगा, जबकि अंतिम स्वीकृति सक्षम अधिकारी द्वारा दी जाएगी।
 30 दिन में होगा निपटारा
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सभी आवेदनों का निराकरण 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नई व्यवस्था से राशनकार्ड सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुगमता बढ़ने की उम्मीद है, जिससे लाखों पात्र परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

Post a Comment

0 Comments