जांजगीर-चाम्पा (सुघर गांव)। खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच खाद एवं बीज की उपलब्धता को लेकर किसानों की चिंता अब कम होती नजर आ रही है। शिवसेना द्वारा प्रदेशभर में चलाए गए ज्ञापन अभियान के बाद राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलाधीशों और कृषि विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
● किसानों के हित में उठी आवाज
शिवसेना ने शासकीय समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की थी। संगठन का कहना था कि समय पर खाद और बीज नहीं मिलने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
● कालाबाजारी रोकने पर जोर
ज्ञापन के माध्यम से निजी दुकानों में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद-बीज बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी। साथ ही शिकायत दर्ज कराने के लिए सूचना बोर्ड और अधिकारियों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने की भी मांग रखी गई थी।
● सरकार की कार्रवाई का स्वागत
जिलाध्यक्ष दिलेश्वर विश्वकर्मा ने कहा कि शिवसेना के प्रदेशव्यापी अभियान के बाद मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देश किसानों के हित में बड़ा कदम हैं। उन्होंने शिवसैनिकों से अपील की कि वे बाजार की निगरानी करें और किसी भी अनियमितता की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।
0 Comments