कोरबा के विद्यार्थियों को मिला सफलता का मंत्र, करियर मार्गदर्शिका का विमोचन जिला प्रशासन की अभिनव पहल विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों ने छात्रों को दिए भविष्य संवारने के गुर

विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ 

कोरबा (सुघर गांव)। युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने और उन्हें सही दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन कोरबा द्वारा टीपी नगर ऑडिटोरियम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए भव्य करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
करियर मार्गदर्शिका बनी सफलता की नई कुंजी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए तैयार विशेष करियर मार्गदर्शिका का विमोचन किया गया। इस पुस्तक में प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा संस्थानों, रोजगार संभावनाओं एवं विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी शामिल की गई है, जिससे छात्रों को अपने भविष्य की दिशा तय करने में सहायता मिलेगी।
लक्ष्य निर्धारण और मेहनत का दिया संदेश
अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास है। छात्रों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप क्षेत्र का चयन कर समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
विशेषज्ञों ने बताए बदलते दौर के अवसर
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार एवं उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी साझा की गई। विद्यार्थियों को आधुनिक प्रतिस्पर्धी माहौल में कौशल विकास, नवाचार और तकनीकी ज्ञान के महत्व से भी अवगत कराया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति 
कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला मंत्री विवेक सिंह, जिला सीईओ दिनेश कुमार नाग, ताम्रकर उपाध्याय, सरोज महिलागें सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।जिले के युवाओं को सही करियर चयन एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा देने वाला यह आयोजन न केवल प्रेरणादायी रहा, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला साबित हुआ।

Post a Comment

0 Comments