प्रमोद कुमार बंजारे संभाग ब्यूरो चीफ
कोरबा/सक्ती ( सुघर गांव )। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए भाजपा के प्रदेश सह संयोजक (झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ) एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की पुरजोर मांग उठाई है। राजेश यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन और प्रबंधन को इस त्रासदी की पूरी जिम्मेदारी लेनी होगी। उन्होंने सरकार और संयंत्र प्रबंधन के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी हैं।
मुआवजा - मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाए।
रोजगार - प्रत्येक मृतक के परिवार के एक सदस्य को योग्यतानुसार स्थायी सरकारी या संयंत्र में नौकरी दी जाए।
निष्पक्ष जांच - पूरी घटना की मैजिस्ट्रियल (दंडाधिकारी) जांच कराई जाए ताकि असल लापरवाही सामने आ सके।
कड़ी कार्रवाई - हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। भाजपा नेता राजेश यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा यह महज एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी का नतीजा है। हमने जो मांगें रखी हैं, वे पूरी होनी चाहिए। जब तक पीड़ित परिवारों को उचित न्याय और सम्मानजनक सहायता नहीं मिल जाती, हम शांत नहीं बैठेंगे।” गौरतलब है कि इस हादसे के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों और श्रमिकों में भारी आक्रोश है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन राजेश यादव की इस मांग ने अब इस मुद्दे को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर और तेज कर दिया है।
0 Comments